गोपालगंज। जिले के मिंज स्टेडियम में एनडीए का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन का नेतृत्व सदर की विधायक कुसुम देवी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक कुसुम देवी ने कहा कि एनडीए सरकार ने प्रदेश और देश के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं और विपक्ष के झूठे वादों का पर्दाफाश करें।
इस मौके पर सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि एनडीए का सम्मेलन पूरे बिहार के हर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में जनता एनडीए को एक बार फिर आशीर्वाद देगी। साथ ही, उन्होंने राजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने लंबे समय तक शासन तो किया, लेकिन दलितों और पिछड़ों की अनदेखी की।
सम्मेलन में बीजेपी, जदयू, हम और रामविलास लोजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने और एनडीए की जीत सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।
