शुक्रवार को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के बहोरा हाता गांव के समीप गंडक नहर में हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कर्णपुरा गांव निवासी रमेश चौधरी अपनी पत्नी मीरा देवी और एक बच्चे के साथ ई-रिक्शा से गोपालगंज जा रहे थे। इसी दौरान बहोरा हाता गांव के पास आगे से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान रिक्शा चालक ने नियंत्रण खो दिया। ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सीधे गंडक नहर में जा पलटा।

हादसे में रिक्शा पर सवार तीनों लोग नहर के तेज धार में बह गए। रमेश चौधरी ने तैरकर किसी तरह खुद और अपने बच्चे की जान बचा ली, लेकिन उनकी पत्नी मीरा देवी गहरे पानी की धारा में बह गईं। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। वहीं, अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार ने प्रशासन को खबर दी, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम नाव लेकर घटनास्थल पहुंची और महिला की तलाश शुरू की। हालांकि, समाचार प्रेषण तक महिला का शव बरामद नहीं हो सका था।

इस हादसे ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया है। बताया जाता है कि रमेश चौधरी की दो बेटियां और एक बेटा है। परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी मीरा देवी ही निभा रही थीं। उनकी असामयिक मौत से घर-परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *