संवाद सूत्र, गोपालगंज:
भोजपुरी इंडस्ट्री में तेजी से पहचान बना रहे मनीष ऋषि ने एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी से सबका ध्यान खींचा है। हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज हुए कॉमेडी शो The Jp Yadav Show में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड के हक़ाम गांव निवासी मनीष ऋषि मुख्य किरदार ‘कबूतर यादव’ के रूप में नजर आए।

इस शो का पहला एपिसोड यूट्यूब पर प्रसारित हो चुका है, जिसमें अतिथि के तौर पर पूर्व मंत्री व विधायक तेज प्रताप यादव भी शामिल हुए। शो में मनीष ऋषि का डायलॉग “बस एक खिली, सारा दुनिया हिली” सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया और दर्शकों की जुबान पर चढ़ गया।

मनीष ऋषि ने अब तक कई चर्चित भोजपुरी फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों और वेब सीरीज जैसे मोटका के बियाह 2, चकोड़ा, आवास में घूसखोरी, नादान इश्क़, भूत के बियाह, फर्ज, निकम्मा, कोहबर एक रिवाज़, हिटलर सास सहित दर्जनों प्रोजेक्ट्स में काम किया है। उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और ग्रामीण परिवेश में लोग उनके अभिनय को काफी पसंद कर रहे हैं।

मनीष ऋषि ने शो के बारे में कहा कि “यह सिर्फ कॉमेडी शो नहीं है, बल्कि भोजपुरी की मिठास को पुनः स्थापित करने का आंदोलन है। इसमें किसी भी तरह की अश्लीलता नहीं है और इसे पूरी तरह पारिवारिक बनाया गया है, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है। हम दावा करते हैं कि यह शो भोजपुरी इंडस्ट्री की दिशा बदलेगा और दर्शकों को फिर से भोजपुरी की ओर आकर्षित करेगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि इस शो से लगभग 300 लोगों को रोजगार मिला है और आगे दर्शकों के सहयोग के आधार पर और भी ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।

यूट्यूब पर ट्रेंड हुआ ट्रेलर

इस शो के पहले एपिसोड का ट्रेलर यूट्यूब पर रिलीज होते ही ट्रेंड करने लगा। यह पहली बार हुआ जब किसी भोजपुरी यूट्यूबर का ट्रेलर यूट्यूब ट्रेंडिंग में आया हो। शो में बतौर जज पाखी हेगड़े नजर आ रही हैं, जो अब तक लगभग 250 से ज्यादा फिल्में और सीरियल कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *