थावे थाना क्षेत्र के लछवार मंदिर में शुक्रवार को पूजा करने पहुंचे एक श्रद्धालु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के साइयरा थाना क्षेत्र के पुरनइया गांव निवासी जुल्मी माली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जुल्मी माली अपने परिवार के साथ पूजा करने लछवार मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया। हालांकि, कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
श्रद्धालु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अपने साथ गांव ले गए। वहीं, स्थानीय पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकती थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
अचानक हुई इस घटना से मंदिर परिसर और मृतक के गांव दोनों जगह शोक की लहर दौड़ गई है।
