थाना क्षेत्र के चौक स्थित नागमणि मिष्ठान के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने स्थानीय आभूषण व्यवसायी से सोना-चांदी के आभूषणों से भरा थैला लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, आभूषण व्यवसायी अनिल कुमार सोनी किसी काम से चौक पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार उच्चके उनके पास आए और थैला छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें धक्का दे दिया और थैला छीनकर फरार हो गए। व्यवसायी के अनुसार, थैले में करीब पाँच लाख रुपये मूल्य के आभूषण थे।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग की।

बरौली थानाध्यक्ष अणिमा राणा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग गहरी नाराजगी जता रहा है। व्यापारियों का कहना है कि आए दिन बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *