आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मांझागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार ने की। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी विनीत कुमार और थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने साफ कहा कि पूजा के लिए समिति का लाइसेंस लेना अनिवार्य है। दुर्गा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भीड़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना पर निगरानी रखी जा सके।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पूजा पंडाल में डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा और न ही किसी राजनीतिक दल का बैनर लगाया जाना चाहिए। यदि किसी भी पंडाल में राजनीतिक दल का प्रचार-प्रसार या बैनर पाया गया, तो संबंधित समिति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि किसी भी प्रकार की घटना या विवाद की स्थिति में तत्काल सूचना प्रशासन को दी जाए, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर जदयू के अशोक कुमार, डॉ. योगेश प्रसाद, ललन प्रसाद समेत कई दुर्गा पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
