शहर के अंबेडकर भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त भेजी। इसमें गोपालगंज जिले की 90,730 जीविका दीदियों को 90 करोड़ 73 लाख रुपये की पहली किस्त मिली।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं हमेशा बदलाव की वाहक रही हैं और हर मौके पर उन्होंने खुद को साबित किया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस दौर में महिलाओं को सबसे अधिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ। मोदी ने इस योजना को महिला सशक्तिकरण का मील का पत्थर बताया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार की ओर अग्रसर करना है। यदि उनका उद्यम सफल रहता है तो आगे उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। नीतीश कुमार ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया और जीविका दीदियों को मुखर क्रांति की ध्वजवाहिका कहा।

जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डीएम पवन कुमार सिन्हा, उपविकास आयुक्त कुमार निशांत विवेक, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, एडीएम राजेश्वरी पांडेय समेत जिले के गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरान जीविका दीदियां उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा कि इस राशि का सदुपयोग कर वे व्यवसायिक गतिविधियां शुरू करेंगी और परिवार का जीवन स्तर बेहतर बनाएंगी।

कार्यक्रम की खासियत यह रही कि गणमान्य अतिथि दर्शकदीर्घा में जीविका दीदियों के बीच बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए। जिले के 1800 से अधिक स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें करीब 2 लाख से ज्यादा जीविका दीदियां और महिलाएं शामिल हुईं।

दीदियों ने रंगोली बनाकर और सांस्कृतिक गतिविधियों से रोजगारोत्सव को और भी खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *