देवरिया। मा० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राम मिलन सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने हेतु प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भवन में सभी खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार तिवारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के चिन्हित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित करें, ताकि 13 सितम्बर 2025 को अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि 10 से 12 सितम्बर तक विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें लघु वादों का निस्तारण किया जाएगा। सचिव ने अपील की कि सभी वादकारी अपने सुलह योग्य मामलों को विशेष व राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कराकर निस्तारण कराएं।
साथ ही विभागीय अधिकारियों से ग्राम सभा स्तर पर मामलों को चिन्हित कर उनका विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में सभी खंड विकास अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
