spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Home Blog Page 8

देवरिया: पथरदेवा में फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी किट व प्रशिक्षण, देखभाल पर जोर

देवरिया, 20 मार्च 2026। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर दुलारपट्टी में शुक्रवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात रंजन की अध्यक्षता में पीएसपी (पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म) का गठन किया गया। सीएचओ के नेतृत्व में बने इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी (रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता निवारण) का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में मरीजों को एमएमडीपी किट वितरित की गई, जिससे वे घर पर ही अपने प्रभावित अंगों की साफ-सफाई और देखभाल कर सकें। साथ ही व्यायाम से सूजन कम करने के उपाय भी बताए गए। इस दौरान दस मरीजों को किट प्रदान की गई और सीएचओ द्वारा डेमो के जरिए सही तरीके से सफाई करने की जानकारी दी गई।

डॉ. प्रभात रंजन ने बताया कि फाइलेरिया क्यूलेक्स मच्छर के जरिए फैलने वाली गंभीर बीमारी है, जिसके लक्षण कई वर्षों बाद सामने आते हैं। समय पर पहचान और नियमित दवा सेवन से इससे बचाव संभव है। उन्होंने साफ-सफाई, नियमित व्यायाम और देखभाल को जरूरी बताया।

सीएचओ सविता ने मरीजों को संक्रमण से बचाव और सूजन कम करने के तरीके समझाए। उन्होंने कहा कि एमएमडीपी किट मरीजों के लिए बेहद उपयोगी है और इससे बीमारी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

इस अवसर पर बीपीएम नागेंद्र मल्ल, एचएस ईश्वरेन्द्र लाल, बीएचडब्ल्यू राकेश, सीफार और पाथ संस्था के प्रतिनिधि, सीएचओ शबनम, डीसीजी सदस्य अशोक, एएनएम सरस्वती, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

गोपालगंज: अपराध की साजिश रचते तीन गिरफ्तार, देसी कट्टा व कारतूस बरामद

गोपालगंज शहर के कैथवलिया वार्ड संख्या आठ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की साजिश रच रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस भी बरामद किया है।

नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कैथवलिया निवासी कर्तिमान कुमार, जो हाल ही में हत्या के मामले में जेल से बाहर आया है, वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की योजना बना रहा है। जानकारी के अनुसार, वह लूटपाट की तैयारी कर रहा था और उचकागांव के एक युवक के साथ लगातार संपर्क में था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कर्तिमान कुमार के बथान में छापेमारी की। इस दौरान वहां बने एक कमरे से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कर्तिमान कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके चचेरे भाई आर्यन कुमार उर्फ गोलू कुमार और उचकागांव थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी सुमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच के दौरान बसडीला गांव निवासी उमंग मिश्रा की संलिप्तता सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पूछताछ में आरोपितों ने पहले शराब बेचने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

मांझागढ़: प्रारंभिक विद्यालयों में मूल्यांकन कार्य शुरू, जांच में जुटे शिक्षक

मांझागढ़ प्रखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद गुरुवार से मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले ही दिन से शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में जुट गए हैं, जिससे समय पर परिणाम घोषित किए जा सकें।

प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय शेख परसा, माधव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मांझागढ़, उच्च माध्यमिक विद्यालय कर्णपुरा सहित सभी संकुल संसाधन केंद्रों पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। निर्धारित व्यवस्था के तहत कॉपियों का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि कार्य सुचारू रूप से और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।

शिक्षकों ने बताया कि मूल्यांकन कार्य पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। इसके लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है, जिससे छात्रों को उनके प्रदर्शन के अनुसार सही अंक मिल सकें।

वहीं, संकुल संचालक रंजीता आनंद और संकुल समन्वयक महमद यूनूस द्वारा मूल्यांकन कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारी समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण कर प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने में लगे हुए हैं।

शिक्षा विभाग के अनुसार, मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही छात्रों के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे, जिससे उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया में कोई देरी न हो।

स्थानीय लोगों के साथ पुलिस की बैठक, समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा

थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की समस्याओं को सुनने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक जनसंवाद बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारी ने उपस्थित लोगों से सीधे संवाद करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा, शांति व्यवस्था और आपसी सहयोग पर चर्चा की। लोगों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिसमें यातायात व्यवस्था, स्थानीय विवाद और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

पुलिस अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

बैठक में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से आमजन को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और समस्याओं का समाधान भी तेजी से होता है।

इस दौरान पुलिस ने कानून के प्रति जागरूक रहने, अफवाहों से बचने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ।

गोपालगंज: उच्चकागांव में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, 216 युवाओं को मिला रोजगार

गोपालगंज जिले के उच्चकागांव प्रखंड परिसर में जीविका के तत्वावधान में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के तहत रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जीविका गीत “बढ़ते कदम” के साथ हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, ओएसडी संदीप कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक विकास कुमार, जिला रोजगार प्रबंधक राशिद असलम सहित कई पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

अधिकारियों ने कहा कि जीविका अब ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रखंड स्तर पर इस तरह के मेले आयोजित कर अधिक से अधिक युवाओं तक रोजगार के अवसर पहुंचाए जा रहे हैं।

मेले में 15 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया, जहां 1000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। कुल 1128 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 216 को सीधे रोजगार मिला, जबकि 315 युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में पंजीकृत किया गया।

टाटा मोटर्स, एलआईसी इंडिया, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों और प्रशिक्षण संस्थानों ने युवाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण की जानकारी दी।

यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और मार्गदर्शन का सशक्त मंच साबित हुआ।

गंडक नदी: कुचायकोट में तटबंध सुदृढ़ीकरण शुरू, कटाव और रिसाव से मिलेगी राहत

गंडक नदी के बढ़ते कटाव और तबाही को रोकने के लिए कुचायकोट प्रखंड के पटेलनगर और फुलवारियां में तटबंध सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से शुरू कर दिया गया है। अहिरौली दान सलेहपुर जीरो पॉइंट से बिसुनपुर तटबंध तक करीब 8.50 किलोमीटर जर्जर बांध पर कटाव निरोधक कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पटेलनगर और फुलवारियां में करीब 800 मीटर क्षेत्र में पस्ता (तटबंध सुरक्षा कार्य) का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस कार्य की निगरानी कार्यपालक अभियंता पवन कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता शमशेर आलम, कनीय अभियंता राकेश कुमार झा और गोविंद कुमार द्वारा की जा रही है। निर्माण कार्य में मुंशी शैलेश कुमार, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर लगे हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य के पूरा होने से बांध मजबूत होगा, जिससे गंडक नदी के कटाव और रिसाव की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इससे भविष्य में होने वाली तबाही को भी रोका जा सकेगा।

गौरतलब है कि गंडक नदी की धारा अक्सर बदलती रहती है, जिसके कारण पहले भसई, नवगांव, फुलवरिया कला, मटिहनिया, विशंभरपुर और भगवानपुर जैसे कई गांवों में भारी तबाही हो चुकी है। कटाव के चलते आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, मंदिर और पंचायत भवन तक नदी में समा चुके हैं, जिससे दियारा क्षेत्र के लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है।

घांटी बाजार: चैत्र नवरात्र पर मां महुलन भवानी स्थान पर भव्य देवी जागरण, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

घांटी बाजार क्षेत्र के बलुआ अफगान गांव में चैत्र नवरात्र का शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ हुआ। नवरात्र के पहले दिन मां महुलन भवानी स्थान पर भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्ति में लीन नजर आए।

देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन पूर्व ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव और ब्रह्म गोंड़ के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जहां उन्हें माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नारियल, चुनरी व पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। देवी जागरण में बिरहा गायक दीपक यादव और गायिका मीनाक्षी राज के बीच जोरदार प्रस्तुति हुई, जिसने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। वहीं कॉमेडियन सुनील यादव ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

इस अवसर पर भूमि विकास बैंक सलेमपुर के सभापति सुमेश्वरनाथ तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह, कैप्टन रत्नाकर मिश्रा, डॉ. टी.वी. सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे

देवरिया: रसोई गैस संकट गहराया, एजेंसियों पर लंबी कतारों से लोग परेशान

देवरिया जिले में रसोई गैस का संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह होते ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर पहुंच जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आसानी से सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगती है। लोग इस उम्मीद में गोदामों के बाहर पहुंचते हैं कि शायद तत्काल बुकिंग कर उन्हें भरा हुआ सिलेंडर मिल जाए। वहीं ई-केवाईसी कराने और रिफिल बुक कराने के लिए भी एजेंसियों पर लंबी-लंबी लाइनें लगी रहती हैं। आशा गैस सर्विस और देवरिया गैस सर्विस पर हर दिन भारी भीड़ देखी जा रही है।

स्थिति यह भी है कि कहीं दूसरे के नाम पर सिलेंडर उठाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो कहीं उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया को लेकर भटक रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। वहां की गैस एजेंसियों पर भी सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आते हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो संकट और गंभीर हो सकता है।

पथरदेवा: खनुवा नाला पर 24 करोड़ से बनेगा नया पुल, जाम से मिलेगी राहत

पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के बघौचघाट स्थित खनुवा नाला पर बने संकरे नारायणपुर पुल की समस्या अब दूर होने जा रही है। वर्षों से जाम की परेशानी झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है कि इस पुल के समानांतर एक नए पुल के निर्माण को शासन ने मंजूरी दे दी है। यह पुल करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।

इस पहल को कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। वर्तमान में नारायणपुर पुल काफी संकरा है, जिसके चलते इस मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। यह पुल देवरिया और कुशीनगर जनपद को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे इस पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता गया है।

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों द्वारा लंबे समय से नए पुल की मांग की जा रही थी। अब स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि नए पुल के निर्माण से न सिर्फ जाम की समस्या खत्म होगी, बल्कि आवागमन भी सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।

स्थानीय निवासी राहुल जायसवाल का कहना है कि इससे रोज लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और समय की बचत होगी। वहीं विनोद कुशवाहा ने इसे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान बताया। विनय तिवारी के अनुसार, यह पुल दोनों जनपदों के लिए जीवनरेखा साबित होगा।

नए पुल के निर्माण से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भलुअनी: मिठाई दुकान पर घरेलू गैस का अवैध उपयोग, दो सिलिंडर जब्त

भलुअनी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग का मामला सामने आया है, जहां एक ओर आम लोग गैस सिलिंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दुकानों में घरेलू सिलिंडरों का धड़ल्ले से व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को पूर्ति निरीक्षक बरहज संजीव त्रिपाठी ने भलुअनी के मनीष स्वीट हाउस (पुरानी) पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। मौके से एक पूरा भरा हुआ और एक आधा भरा हुआ गैस सिलिंडर बरामद कर जब्त किया गया।

दुकान संचालक सोहन, पुत्र नवल शाह, से जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं बगल की एक अन्य दुकान में भी तीन भरे और दो खाली गैस सिलिंडर पाए गए। इस पर संबंधित गैस एजेंसी मालिक सिंहेश्वरी गैस एजेंसी ने बताया कि राजू मद्धेशिया उनका हॉकर है, जो होम डिलीवरी का कार्य करता है। उन्होंने गैस बुकिंग की पर्ची भी प्रस्तुत की, जिसकी जांच पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई और उसे सही पाया गया।

पूर्ति निरीक्षक संजीव त्रिपाठी ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि संबंधित मिठाई दुकानदार के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।