देवरिया जनपद के जोगिया गांव में अवैध डीजल भंडारण की सूचना पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डीजल बरामद किया है। एसडीएम हरिशंकर लाल के नेतृत्व में आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कुल 3600 लीटर डीजल जब्त किया।
प्रशासन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान जोगिया निवासी वीर बहादुर यादव के मकान से 15 ड्रमों में करीब 3000 लीटर डीजल बरामद हुआ। वहीं, इसी गांव के रामानंद यादव के मकान से तीन ड्रमों में लगभग 600 लीटर डीजल मिला।
अधिकारियों के अनुसार, यह डीजल अवैध रूप से संग्रहित किया गया था और इसके उपयोग को लेकर भी जांच की जा रही है। आपूर्ति निरीक्षक और पुलिस की टीम ने मौके पर ही सभी ड्रमों को सीज कर दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसडीएम ने कहा कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अवैध भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर अब प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके

