गोपालगंज। जिले के थावे प्रखंड स्थित होमगार्ड मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। “जय श्री राम” और “गर्व से कहो हम हिंदू हैं” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण में नई ऊर्जा दिखाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता थावे मंदिर के मुख्य पुजारी संजय पांडेय ने की। सम्मेलन की शुरुआत बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन से हुई, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इसके बाद आयोजकों ने कन्याओं की विधिवत पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सम्मेलन स्थल भगवा ध्वजों से सजा हुआ था, जहां हजारों स्वयंसेवक और स्थानीय लोग एकत्रित हुए। आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण की सौ वर्षों की यात्रा को रेखांकित किया।
मंच से वक्ताओं ने हिंदू समाज में एकता और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उन्होंने जाति-पाति, भेदभाव और छुआछूत को समाप्त कर एक अखंड समाज बनाने की अपील की। साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं के प्रति नागरिकों को सजग रहने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने संगठन की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि एकजुटता के बिना समाज की चुनौतियों का सामना संभव नहीं है। सम्मेलन के अंत में राष्ट्र सेवा और समाज कल्याण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के उत्तर बिहार प्रांत के प्रांत प्रचारक रविशंकर तथा महंत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर शिवेश्वर महादेव भारती सहित कई संत और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

