spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Home Blog Page 4

गोपालगंज: युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज आपराधिक घटना सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के निवासी कृष्णा सिंह अपनी दुकान से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हथुआ–कुसौंधी मार्ग पर मुड़ा गांव के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से कृष्णा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मीरगंज थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी व मानवीय सूचनाओं का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।

गोपालगंज: जमीन विवाद में बेटे ने मां की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गोपालगंज जिले के महमदपुर थाना क्षेत्र के काशी टेंगराही गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और रिश्तों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतका की पहचान 60 वर्षीय चांनी देवी, पत्नी स्वर्गीय हरिकृष्ण सिंह, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में काफी समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी बेटा प्रमोद सिंह अपनी मां पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था।

मंगलवार की रात इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चांनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घायल महिला को परिजनों ने तुरंत इलाज के लिए मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

गोपालगंज: ट्रांसफार्मर ठीक करते समय मिस्त्री को लगा करंट, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

गोपालगंज शहर के जादोपुर मोड़ पर ट्रांसफार्मर की खराबी ठीक करने के दौरान एक मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा उस समय हुआ जब बिजली विभाग में कार्यरत मानव बल पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। करंट लगने के बाद वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुचायकोट प्रखंड के बेदौली गांव निवासी परमात्मा गिरि बिजली विभाग में मानव बल के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को जादोपुर मोड़ स्थित ट्रांसफार्मर में खराबी की सूचना मिलने पर वह अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। पोल पर चढ़ने से पहले पावर हाउस को बिजली काटने की सूचना भी दी गई थी।

बताया जा रहा है कि लाइट बंद होने की सूचना मिलने के बाद जैसे ही परमात्मा गिरि पोल पर चढ़े, अचानक करंट प्रवाहित हो गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके शरीर का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है और गिरने के कारण सिर में भी गंभीर चोट आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कई कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोपालगंज: गैस महंगाई और किल्लत के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका

गोपालगंज जिले में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को जिला मुख्यालय के मौनिया चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और थाली-चम्मच बजाकर विरोध जताया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च निकालते हुए मौनिया चौक तक रैली की। यहां पहुंचकर उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन ‘सोती हुई सरकार’ को जगाने के प्रतीक के रूप में किया गया है। खाली थालियां बजाकर उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि महंगाई के कारण आम लोगों के घरों में खाने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और गरीब परिवारों के सामने चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द गैस की कीमतों में कमी लाए और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके

देवरिया: बरहज में 17 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में शोक

देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में एक 17 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान विशाल चौहान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार समेत पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल ने अपने घर में पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर परिजनों को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।

परिजनों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विशाल शांत स्वभाव का युवक था और इस तरह का कदम उठाने की वजह समझ से परे है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

देवरिया: मेडिकल कॉलेज में मरीजों का हंगामा, सुरक्षा कर्मियों से हाथापाई, 20 से अधिक एक्सरे जांच प्रभावित

देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हड्डी रोग विभाग और एक्सरे यूनिट के बाहर मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सुरक्षाकर्मियों के साथ मरीजों और तीमारदारों की धक्का-मुक्की और हाथापाई तक हो गई।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिससे व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। मंगलवार को हड्डी रोग विभाग में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। ऑपरेशन के बाद ड्रेसिंग कराने आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती गई। बरामदे में स्ट्रेचर पर मरीजों को लेकर तीमारदार परेशान नजर आए।

वहीं एक्सरे विभाग में भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरी गैलरी मरीजों से भरी रही। इसी दौरान कुछ लोग लाइन तोड़कर अंदर जाने की कोशिश करने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें रोका तो विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई। हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कक्ष को बाहर से बंद कर दिया और स्पष्ट कर दिया कि मरीजों को केवल लाइन के अनुसार ही अंदर जाने दिया जाएगा।

इस हंगामे के कारण 20 से अधिक मरीजों की एक्सरे जांच नहीं हो सकी, जिससे उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, ओपीडी का समय समाप्त होने की आशंका में हड्डी रोग विभाग में भी मरीजों ने हंगामा किया, जिसे बाद में शांत कराया गया।

सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने कहा कि मरीजों की भीड़ बढ़ने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मरीजों से धैर्य रखने की अपील की और कहा कि सभी डॉक्टर समय पर बैठकर इलाज कर रहे हैं।

देवरिया: बस चालक से मारपीट के विरोध में रोडवेज कर्मियों की हड़ताल, यात्री हुए परेशान

देवरिया जिले में रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की घटना के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप रोडवेज कर्मियों ने हड़ताल कर दी, जिससे बस डिपो का संचालन कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, घटना बैतालपुर-देवरिया पॉलिटेक्निक मार्ग पर हुई, जहां रोडवेज बस चालक समरजीत सिंह के साथ कुछ निजी वाहन चालकों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने चालक को घेरकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह चालक ने अपनी जान बचाई।

घटना के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने तत्काल काम बंद कर दिया और बस डिपो पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते बसों का संचालन पूरी तरह रुक गया। दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा, जबकि कई लोगों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

कर्मचारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संबंधित थाने में तहरीर भी दी गई है और उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया है।

रोडवेज कर्मियों का कहना है कि बस चालकों और परिचालकों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कोतवाल राकेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सिद्धार्थनगर: मिशन शक्ति अभियान-5 का शुभारंभ, महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

सिद्धार्थनगर के शाहपुर स्थित पीपुल्स इंटर कॉलेज डुमरियागंज में मिशन शक्ति अभियान-5 (द्वितीय चरण) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि देश में अनेक महिलाओं ने अपने कार्यों से अमिट छाप छोड़ी है, जिनसे प्रेरणा लेकर आज की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत महिलाओं को साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और अन्य जरूरी जानकारियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। साथ ही कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए।

इसके अलावा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिले में वन स्टॉप सेंटर और सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिलाएं किसी भी समस्या में सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर महिलाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

देवरिया: 192 ग्राम पंचायतें बनीं टीबी मुक्त, ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर बुधवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद की कुल 192 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जो जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

कार्यक्रम में संबंधित ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं गांधी प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि क्षय रोग के उन्मूलन के लिए समय पर जांच, नियमित और पूर्ण उपचार के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को खत्म करने में ग्राम प्रधानों और स्थानीय समुदाय की अहम भूमिका रही है।

डीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाना है, जिसमें हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “मरीज से नहीं, मर्ज से दूरी बनाएं” का संदेश समाज में फैलाएं, ताकि टीबी के प्रति फैली भ्रांतियां दूर हो सकें और मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर टीबी उन्मूलन के इस अभियान को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

गोपालगंज: गंगा स्वच्छता पखवाड़ा में प्रतियोगिताओं का आयोजन, स्वच्छता का संदेश

गोपालगंज में नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम 2026 के तहत जिला स्तरीय ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कौशल विकास सभागार में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य गंगा सहित अन्य नदियों की स्वच्छता के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस कार्यक्रम में जिले के सभी 14 प्रखंडों से चयनित विद्यालयों के पांच-पांच छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के तहत चित्रकला, क्विज और भाषण जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना, साथ ही नदी तटों और घाटों को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना है। जिला गंगा समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जल स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा सहित सभी नदियों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं और इस अभियान का हिस्सा बनें।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में न केवल जागरूकता बढ़ी, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत हुआ।