गोपालगंज में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने को लेकर सोमवार को छात्रों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिली। शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक साइबर कैफे पर छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। परिणाम जानने के लिए छात्र मोबाइल और इंटरनेट के जरिए लगातार अपडेट लेते रहे।
परीक्षा परिणाम घोषित होने की पूर्व घोषणा के चलते एक दिन पहले से ही छात्रों में चर्चा का माहौल था। सोमवार को दोपहर होते-होते छात्र साइबर कैफे पहुंचने लगे और रिजल्ट को लेकर उनकी धड़कनें तेज हो गईं। अभिभावक भी बच्चों के परिणाम को लेकर उत्सुक नजर आए।
जैसे ही परिणाम जारी हुआ, अच्छे अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कई जगहों पर छात्रों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की, वहीं कुछ छात्र अपेक्षा के अनुसार परिणाम न आने से मायूस भी दिखे।
इस बार भी जिले के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए टॉप लिस्ट में जगह बनाई। इंटर कला संकाय में अनन्या कुमारी ने 472 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि इशांत कुमार शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। कॉमर्स में रागिनी चौरसिया ने 466 अंक के साथ टॉप किया। वहीं विज्ञान संकाय में अतुल कुमार ठाकुर 465 अंक के साथ पहले स्थान पर रहे।
विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में भी खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों ने छात्रों को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुल मिलाकर इंटर परीक्षा परिणाम ने जिले में खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया

