spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Home Blog Page 7

देवरिया/सलेमपुर: गैस किल्लत के बीच अमन गैस एजेंसी पर हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

सलेमपुर उपनगर में घरेलू रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच रविवार को अमन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। पर्ची लेने और केवाईसी कराने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पर पहुंच गए, जिससे लंबी कतार लग गई। स्थिति तब बिगड़ गई जब लाइन में आगे बढ़ने को लेकर कुछ ग्राहकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हंगामे में बदल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों गैस सिलेंडर की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि लोग भोर से ही एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने को मजबूर हैं। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है। ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी दिक्कतों के चलते भी उपभोक्ताओं को एजेंसी कार्यालय का रुख करना पड़ रहा है, जिससे भीड़ और बढ़ रही है।

रविवार को हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब कतार में खड़े कुछ लोगों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। इससे अन्य उपभोक्ताओं में नाराजगी फैल गई और विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और लाइन में व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस की मौजूदगी में बाद में पर्ची वितरण और केवाईसी की प्रक्रिया फिर से शुरू की गई।

गोपालगंज: गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 16,601 सिलेंडर स्टॉक में – डीएम

गोपालगंज। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। गैस उठाव और वितरण को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि जिले में कुल 16,601 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

बताया गया कि आईओसीएल के 26 विक्रेताओं के पास 6579 सिलेंडर, बीपीसीएल के 8 थोक विक्रेताओं के पास 4107 सिलेंडर और एचपीसीएल के 12 थोक विक्रेताओं के पास 5915 सिलेंडर स्टॉक में मौजूद हैं। प्रशासन ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और तनावपूर्ण हालात को देखते हुए आपूर्ति पर असर की आशंका के बावजूद जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

गैस वितरण की निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी एजेंसियों द्वारा डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से नियमित आपूर्ति जारी है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

गोपालगंज: नहर बांध सड़क लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

गोपालगंज। जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र में दइभाता नहर बांध सड़क पर हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बताया जाता है कि 24 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे इसराफिल अली से 3-4 अपराधियों ने लूटपाट की थी। बदमाशों ने उनके पास से दो मोबाइल, 10 से 12 सौ रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड छीन लिया था। इस संबंध में उचकागांव थाना में कांड संख्या 100/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए लूटे गए एक एप्पल और एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दहिभत्ता गांव निवासी मोहन कुमार उर्फ प्रियांशु कुमार और अफसर अली के रूप में हुई है।

पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गोपालगंज: भूमि विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प, तीन घायल

गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों में सुदामा प्रसाद, उनके पुत्र अरुण कुमार और अशोक प्रसाद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि पड़ोस के लोग जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई।

घायलों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों के साथ चाकू से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हालांकि, पुलिस ने चाकूबाजी की घटना से इंकार किया है और इसे सामान्य मारपीट बताया है।

बरौली थानाध्यक्ष अलका सिन्हा ने बताया कि घायलों का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

गोपालगंज: ट्रक चालक से मारपीट कर 80 हजार रुपये लूटे, अस्पताल में भर्ती

गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर 80 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घायल चालक का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव निवासी 25 वर्षीय मनु कुमार ट्रक चलाते हैं। वह कोईलवर से बालू लोड कर कुचायकोट क्षेत्र के भठवा गांव के पास माल गिराकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया।

इसके बाद बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पास रखे करीब 80 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घायल चालक किसी तरह पास के पेट्रोल पंप तक पहुंचा और परिजनों को सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बरौली सीएचसी ले गए, जहां से गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देवरिया: ऑपरेशन कन्विक्शन में गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी दोषी, 2 साल की सजा

देवरिया। जनपद पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत एक पुराने गैंगेस्टर एक्ट के मामले में आरोपी को सजा दिलाई गई है। थाना खामपार में दर्ज वर्ष 1994 के मुकदमे में अभियुक्त सत्यनारायण चौहान को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए दो वर्ष के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला मु0अ0सं0-35/1994 धारा 3(1) गैंगेस्टर एक्ट से संबंधित था, जिसमें लंबे समय से सुनवाई चल रही थी। जनपदीय पुलिस की सक्रिय पैरवी और साक्ष्यों के प्रभावी प्रस्तुतिकरण के चलते 19 मार्च 2026 को न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया।

इस मामले में विशेष लोक अभियोजक वाचस्पति मिश्रा, कोर्ट मुहर्रिर शैलेन्द्र यादव, थाना खामपार के पैरवीकार मुन्नालाल और मॉनिटरिंग सेल प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के समन्वित प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत अपराधियों को सजा दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।

खुखुंदू: पाइप लाइन लीकेज से सड़क पर जलभराव, लोगों में आक्रोश

देवरिया जनपद के खुखुंदू गांव में जल निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जैन मंदिर मार्ग से जुड़े महत्वपूर्ण बाइपास सड़क पर पोखरा टोला के पास पाइप लाइन में दोबारा लीकेज होने से सड़क पर पानी भर गया है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि आसपास के लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले भी यहां पाइप लीकेज की समस्या हुई थी, जिसे शिकायत के बाद जल निगम द्वारा ठीक कराया गया था। लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद फिर से पाइप फट गया और स्थिति पहले जैसी ही हो गई। जलापूर्ति शुरू होते ही सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है।

यह बाइपास सड़क खुखुंदू जैन मंदिर मार्ग को नूनखार मार्ग से जोड़ती है, जिससे यह रास्ता काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पहले से ही सड़क गड्ढों में तब्दील है, और अब जलभराव ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

गांव के जय प्रकाश, कमलेश राय, अरविंद कुमार समेत अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

देवरिया: बगीचे में अचेत मिले शिक्षक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

देवरिया। जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बटुलही निवासी 26 वर्षीय पंकज विश्वकर्मा का शव बगीचे में अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पंकज विश्वकर्मा एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे और रोज की तरह सुबह घर से पढ़ाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब 3:30 बजे विद्यालय से छुट्टी के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान खोराराम के पास एक बगीचे में वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश राय ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

देवरिया: पीपीपी मॉडल पर नई मंडियों की तैयारी, भूमि की तलाश शुरू

देवरिया। जिले में कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पीपीपी यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर नई मंडियों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत प्रशासन ने उपयुक्त और विवाद रहित भूमि की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, करीब 10 हजार वर्ग फीट जमीन उपलब्ध होने पर नई मंडियों की स्थापना का रास्ता साफ हो जाएगा।

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के आयुक्त एवं निदेशक इंद्र विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों से जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। यह फैसला मंडी परिषद की 5 जुलाई 2025 को हुई 171वीं बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश पर लिया गया था, जिसमें जरूरत के अनुसार नई मंडियों के विकास पर सहमति बनी थी।

इस योजना के तहत स्थानीय निकाय भूमि उपलब्ध कराएंगे, जबकि मंडी परिषद निर्माण का पूरा खर्च वहन करेगी। भूमि का स्वामित्व संबंधित निकाय के पास रहेगा और मंडी से होने वाली आय को दोनों के बीच साझा किया जाएगा।

वर्तमान में जिले की मंडी व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और मुख्य रूप से जिला मुख्यालय की सब्जी मंडी पर ही निर्भरता है, जिससे किसानों और व्यापारियों को दिक्कतें होती हैं।

रामपुर कारखाना: एक्स-रे सेवा ठप, मरीजों को उठाना पड़ रहा निजी खर्च का बोझ

रामपुर कारखाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा में पिछले दो महीनों से एक्स-रे सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, एक्स-रे प्लेट उपलब्ध न होने के कारण यह सेवा ठप हो गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

30 बेड वाले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यह अस्पताल करीब 45 से अधिक गांवों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, लेकिन एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खासकर सड़क दुर्घटना, मजदूरों को लगने वाली चोटें, और हड्डी से जुड़ी समस्याओं में एक्स-रे जांच बेहद जरूरी होती है।

मरीजों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां एक एक्स-रे कराने में 300 से 400 रुपये तक खर्च हो रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च बड़ा बोझ बनता जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एक्स-रे सेवा बहाल करने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके