गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनकटी दक्षिण गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन विवाद को लेकर कुछ आरोपियों ने 9 वर्षीय छात्रा की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। बच्ची को मृत समझकर आरोपी उसे जंगल में फेंककर फरार हो गए।

परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे। बच्ची की सांसें चल रही थीं। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। पीड़िता की पहचान परिधि कुमारी के रूप में हुई है, जो रंजन त्रिवेदी की पुत्री बताई जा रही है। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन मिला है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला भूमि विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

