
गोपालगंज में सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर महिला की पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो में नगर थाना में पदस्थापित दारोगा मुकेश कुमार सिंह एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल जांच के आदेश दिए और आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया।
जांच में पता चला कि वीडियो में दिख रही महिला को कुछ दिन पहले गंगा स्नान के दौरान एक लावारिश बच्चा मिला था। महिला बच्चे को अपने पास रखी हुई थी, लेकिन एनजीओ के हस्तक्षेप के बाद बच्चा उसे लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया। इसी बच्चे की वापसी की मांग को लेकर महिला और अन्य लोग तीन दिनों से अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को दारोगा मुकेश कुमार सिंह ने जब जाम हटाने का प्रयास किया, तो महिला ने कथित रूप से उन पर ईंट से हमला कर दिया। इससे गुस्से में आकर दारोगा ने महिला की पिटाई कर दी। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
पुलिस अधीक्षक ने इसे अमर्यादित आचरण और कर्तव्यविहीनता बताते हुए दारोगा को तत्काल निलंबित कर दिया है। वहीं, इस मामले में यातायात बाधित करने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में कुचायकोट थाना क्षेत्र के दुबे खरेया गांव निवासी गीता देवी सहित 30 महिलाओं पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

