गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नारायणपुर चंवर में एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष वरुण कुमार झा और प्रशिक्षु एसआई अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बुधवार को सदर एसडीपीओ प्राजंल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहीं फोरेंसिक टीम ने करीब चार घंटे तक बारीकी से जांच करते हुए खून के धब्बे, कपड़े समेत कई महत्वपूर्ण नमूने सुरक्षित किए हैं। मामले की जांच एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देशन में तेजी से आगे बढ़ रही है।
मृत बच्ची की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के भोरे गांव निवासी अरविंद राम की पुत्री कृति कुमारी (6) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बच्ची 21 नवंबर की शाम थावे मंदिर में आरती के बाद अचानक लापता हो गई थी। परिजन कई दिनों तक खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह उसकी लापता बेटी के शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को दहला दिया।
मां अलका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि कृति उनकी इकलौती बेटी थी और पांच दिन से उसकी तलाश में भटक रही थीं। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मचा रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है और बच्ची की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।


