गोपालगंज। कुचायकोट प्रखंड स्थित सासामुसा चीनी मिल में रविवार को कोलकाता से मुआयना करने आई कंपनी अधिकारियों की टीम को किसानों और कर्मचारियों ने निरीक्षण से रोक दिया। आक्रोशित किसानों एवं कर्मचारियों ने मिल चालू कराने और बकाया भुगतान की मांग उठाई। स्थिति की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय से किसानों और अधिकारियों की दूरभाष पर बात कराई गई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री से बातचीत हो चुकी है और सरकार मिल चलाने को लेकर गंभीर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर हाल में मिल चालू कराया जाएगा, जिससे किसानों को लाभ मिल सके और बकाया राशि का भुगतान संभव हो सकेगा।
चीनी मिल गेट पर बड़ी संख्या में किसान और कर्मचारी पहुंचे तथा आगे की रणनीति तय की। तय किया गया कि 14 दिसंबर से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। किसानों और कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मिल चालू नहीं होती और बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रणनीति निर्माण के दौरान पूर्व जिला पार्षद सत्येंद्र बैठा, प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद तौहीद आलम, सत्येंद्र सिंह, गुड्डू कुशवाहा, यूनियन नेता नितिन सुनील यादव, पूर्व मुखिया ध्रुप सिंह, विधायक प्रतिनिधि छोटन पांडेय, शैलेश पांडेय, राजकिशोर गिरी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

