गोपालगंज: बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर मंगलवार को नियोजित शिक्षकों ने वर्षों से लंबित प्रोन्नति और स्थानांतरण की मांग को लेकर शहर के आंबेडकर चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष रतिकान्त साह ने की। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षक एकजुट होकर शिक्षा विभाग की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते नजर आए।
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रतिकान्त साह ने कहा कि सरकार और विभाग की लापरवाही के कारण वर्षों से सेवा दे रहे नियोजित शिक्षक नियमावली में प्रावधान होने के बावजूद प्रोन्नति, स्थानांतरण और कालबद्ध वेतन उन्नयन से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि बिहार पंचायत/नगर निकाय प्रारंभिक शिक्षक नियोजन नियमावली 2006, यथा संशोधित 2012 एवं 2020 में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद उसे लागू नहीं किया जाना शिक्षकों के साथ अन्याय है।
उन्होंने मांग की कि 12 वर्षों की सेवा पर कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक योग्यताधारी शिक्षकों को स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति तथा ऐच्छिक व पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए। जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि संघ अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक नेता और सदस्य उपस्थित रहे।

