गोपालगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गोपालगंज के तत्वावधान में हथुआ प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मछागर लक्षीराम में नालसा आशा (जागरूकता, समर्थ, सहायता और कार्रवाई) योजना 2025 के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने को लेकर जन-जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन कुमार सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बाल विवाह से संबंधित किसी भी जानकारी को समय रहते प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर टोल फ्री नंबर 1098 और 15100 पर तुरंत सूचना दी जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में आम जनता को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह रोकने को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों को कानून, अधिकार और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई

