गोपालगंज: शहर के सिनेमा रोड स्थित एक मैरेज हॉल में रविवार की रात वैश्य समाज की ओर से आयोजित बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाज के लोगों ने रणनीति तैयार की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बेतिया सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने कहा कि वैश्य समाज देश का मजबूत आर्थिक और सामाजिक आधार है, लेकिन राजनीतिक रूप से अब तक अपनी सामूहिक ताकत का पूरा उपयोग नहीं कर पाया है। उन्होंने समाज से अपील की कि वे एकजुट होकर अपनी शक्ति दिखाएं और अपने हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में सरकार की नीतियों में वैश्य समाज के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में वैश्य समाज की विभिन्न उपजातियों जैसे कानू, रौनियार, बरनवाल, कलवार, तेली, सोनार और हलवाई समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सभी ने एकमत होकर कहा कि इस चुनाव में समाज के लोग संगठित होकर मतदान करेंगे और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाएंगे।
मंच से समाज के कई प्रमुख नेताओं ने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए आगे आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करें।
बैठक के अंत में आयोजकों ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में जिले के सभी प्रखंडों में इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि समाज को एक मंच पर लाया जा सके।

