गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के काला मटिहनिया गांव के पास गंडक नदी के रास्ते शराब की तस्करी की बड़ी कोशिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया। रविवार देर रात की गई छापेमारी में विभाग की टीम ने एक नाव पर लदी 135 लीटर अवैध शराब बरामद की। हालांकि, उत्पाद विभाग को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब तस्कर नाव के जरिए भारी मात्रा में शराब की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गंडक नदी के किनारे छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक नाव पर लदी 135 लीटर शराब बरामद की गई। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। विभाग ने नाव को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है और किसी भी हाल में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


