गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में मंगलवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में ननद और भौजाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस मामले में पीड़िता द्वारा आठ लोगों के विरुद्ध मांझागढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, कोइनी गांव निवासी जयप्रकाश राम की पत्नी लक्ष्मी देवी ने थाना में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका अपने पाटीदार हृदया राम और हरिंदर राम से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उसकी ननद बकरी लेकर खेत जा रही थी, तभी विवादित पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे। जब ननद ने विरोध किया तो हृदया राम, हरिंदर राम सहित आठ लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
लक्ष्मी देवी ने बताया कि शोर सुनकर जब वह अपने पति के साथ बचाने पहुंची तो उन पर भी हमला किया गया, जिससे वे दोनों जख्मी हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज मांझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

