गोपालगंज जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि जिले में कुछ स्थानों से शिकायत मिल रही है कि गैस एजेंसी संचालकों द्वारा ट्रक से ही कालाबाजारी कर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। साथ ही कई क्षेत्रों में होम डिलीवरी भी नियमित रूप से नहीं हो रही है। इसको देखते हुए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, 17 धावा दलों और दोनों एसडीएम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च को मांझागढ़ थाना क्षेत्र में इंडेन कंपनी के 16 गैस सिलेंडर बरामद होने के मामले में एक एजेंसी के वेंडर प्रदीप कुमार साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं 23 मार्च को नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां गांव में भारत गैस के 17 सिलेंडर बरामद होने के मामले में भिगुन महतो पर भी केस दर्ज किया गया है।
डीएम ने कहा कि जिले में कुल 46 गैस वितरकों के पास 25 मार्च तक 12,279 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इनमें आईओसीएल के 6511, बीपीसीएल के 2071 और एचपीसीएल के 3697 सिलेंडर शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि होम डिलीवरी के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाई जा रही है और जिला नियंत्रण कक्ष में मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

