बनकटा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद एक युवती अपने छोटे बच्चे के साथ मुंबई से अपने प्रेमी की तलाश में यहां पहुंच गई। युवती ने थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, वह मुंबई की एक कंपनी में कार्यरत थी, जहां उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने शादी का भरोसा दिया। इसी दौरान दोनों साथ रहने लगे और इस संबंध से एक बच्चा भी हुआ।
युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद युवक उसे छोड़कर अपने गांव लौट आया और उससे संपर्क खत्म कर दिया। प्रेमी की तलाश में जब युवती बनकटा पहुंची और उसके घर गई, तो वहां उसके साथ मारपीट कर भगा दिया गया।
फिलहाल युवती अपने बच्चे के साथ बनकटा रेलवे स्टेशन पर रहने को मजबूर है और उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामला दूसरे राज्य से जुड़ा है, जिसकी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

