अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम ने बताया कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के सहयोग से आरबीआई, सेबी, आईआरडीएआई और आईईपीएफए द्वारा बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों के प्रति जन-जागरूकता हेतु “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” शीर्षक से अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसका शुभारंभ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 04 अक्टूबर को गांधीनगर में किया था।
प्रदेश में यह अभियान एसएलबीसी उत्तर प्रदेश के समन्वय और सभी जनपदों में एलडीएम के माध्यम से संचालित है। सातवें चरण के अंतर्गत 05 दिसंबर को देवरिया सहित 12 जिलों में शिविर होंगे। देवरिया में 5,38,474 खातों में 122.88 करोड़ रुपये की बिना दावे वाली राशि उपलब्ध है। शिविर 05 दिसंबर को सुबह 10 बजे सेंट ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान पुरुषोत्तमपुर में आयोजित होगा।
इसका उद्देश्य नागरिकों को बैंक जमा, बीमा पॉलिसी, शेयर, म्यूचुअल फंड जैसी बिना दावे वाली संपत्तियों की पहचान, खोज और दावा प्रक्रिया में सहायता प्रदान करना है। शिविर में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से दावा करने की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। सरकार सुनिश्चित कर रही है कि हर नागरिक अपनी वैध राशि का दावा आसानी से कर सके। शिविर में वित्तीय समावेशन प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जहां विभिन्न संस्थाएं अपनी सेवाओं की जानकारी देंगी।

